Shimla, 2 May(TSN)-सीटू द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर कालीबाड़ी हॉल, शिमला में एक बड़ा अधिवेशन आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों मजदूर और कर्मचारी शामिल हुए। अधिवेशन में मई दिवस के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
इस अधिवेशन का संचालन विजेंद्र मेहरा, जगत राम, रमाकांत मिश्रा, गोबिंद चितरांटा, डॉ. राजेंद्र चौहान, सुरजीत कुमार, एडवोकेट टेक चंद, राकेश सलमान, सरीना, राम सिंह, सुनील वशिष्ठ व अन्य नेताओं द्वारा किया गया।
सीटू प्रदेशाध्यक्ष विजेंद्र मेहरा, उपाध्यक्ष जगत राम और पेंशनर नेता जगमोहन ठाकुर ने केंद्र सरकार की मजदूर-विरोधी नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार लेबर कोड मजदूरों को गुलामी की ओर धकेलने का प्रयास हैं, जिनका पूरे प्रदेश में विरोध होगा।
नेताओं ने ऐलान किया कि 20 मई को पूरे हिमाचल प्रदेश में हड़ताल होगी, जिसमें लाखों मजदूर सड़कों पर उतरेंगे। वेतन, पेंशन, स्थायी रोजगार, ओपीएस की बहाली, मनरेगा की मज़दूरी बढ़ाने, महिला कार्यकर्ताओं को सरकारी कर्मचारी घोषित करने, ठेका प्रथा और निजीकरण के खिलाफ आवाज़ बुलंद की जाएगी।
