भावना शर्मा,शिमला: कांग्रेस की सरकार ने प्रदेश भर में लगातार महंगाई बढ़ने का संकल्प लिया हैं। सरकार ने लगातार हिमाचल प्रदेश की जनता पर बोझ बढ़ाने का कार्य किया हैं। हाल ही में हिमाचल प्रदेश राजस्व विभाग ने इंतकाल की दरों को संशोधित कर इसमें 25 से 50 फीसदी तक की बढ़ोतरी कर आम जनता को महंगाई का झटका दे दिया हैं। यह बात भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्यार सिंह और जिला अध्यक्ष प्रेम ठाकुर ने मीडिया में जारी अपने बयान में कही।
उन्होंने कहा कि अभी तक विभिन्न श्रेणियों के इंतकाल के दाम महज एक रुपये से लेकर दो रुपये प्रति खाता थे, लेकिन अब सरकार की अधिसूचना के अनुसार विभिन्न श्रेणियों के इंतकाल की न्यूनतम फीस 50 से लेकर 500 रुपये तक निर्धारित कर दी गई हैं। सरकार ने हिमाचल प्रदेश भू राजस्व अधिनियम की धारा 39 की उप धारा-1 में प्रदत शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए अब विरासत इंतकाल से लेकर विभिन्न श्रेणियों के इंतकाल के नए दाम निर्धारित कर दिए हैं।
नए प्रावधानों के अनुसार अब विरासत के इंतकाल के लिए 50 रुपये प्रति खाता फीस निर्धारित की गई है, जबकि इसे अधिकतम 200 रुपये रखा गया है। धारा 118 के अंतर्गत ली जाने वाली जमीन की इंतकाल फीस 5, 000 से लेकर 10, 000 रुपये तक चुकानी होगी।
उन्होंने कहा कि अगर इस प्रकार छोटी बड़ी सुविधाओं के पैसे सरकार बढ़ाती रही तो निश्चित रूप से सरकार हिमाचल प्रदेश में महंगाई को चरम सीमा पर ले जाने का संकल्प पूरा कर लेगी। आम जनता परेशान है और सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ रहा हैं।
