सचिन शर्मा, मनाली: प्रदेश विधानसभा चुनावों को लेकर मनाली विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी को लेकर चल रहा है असमंजस भी अब समाप्त हो गया है। इस सीट पर कांग्रेस की ओर से भुवनेश्वर गौड़ को उम्मीदवार बनाया गया है।
कांग्रेस प्रत्याशी का टिकट लेकर मनाली विधानसभा क्षेत्र पंहुचे भुवनेश्वर गौड़ का यहां पंहुचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान गेमनपुल से लेकर नग्गर व जगतसुख होते हुए भवनेश्वर गौड़ अपने कार्यकर्ताओं के साथ मनाली पहुंचे। इस दौरान सैंकड़ों कार्यकर्ता भवनेश्वर गौड़ के साथ रहे।
यहां मनाली पहुंच कर भुवनेश्वर गौड़ ने माता हिडिंबा का आशीर्वाद लिया।
वहीं पत्रकारों से रूबरू होते हुए भुवनेश्वर गौड़ ने कहा कि मंत्री होते हुए गोविंद सिंह ठाकुर क्षेत्र का विकास नहीं करवा पाए। उन्होंने कहा कि राजा वीरभद्र सरकार के समय शुरु किए विकास के कार्यों को ही मंत्री पूरा नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सरकार के समय मनाली विधानसभा क्षेत्र में सोलंग सहित लगभग सात पुलों का कार्य शुरु किया गया था, लेकिन हैरानी की बात है कि आज भी कई पुलों का कार्य पूरा नहीं हो पाया है।
सोलंगनाला में पुल न होने से दो बच्चों की जान चली गई लेकिन जयराम सरकार की नींद नहीं टूटी। गौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आनन फानन में मनाली सर्किट हाउस का लोकार्पण कर दिया जबकि अभी कार्य अधूरा है। उन्होंने कहा कि मनाली विधानसभा क्षेत्र की जनता सच जान चुकी है और कांग्रेस को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है। कसम खाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में भवनेश्वर ने कहा कि सभी अपनी कसम पर कायम हैं और एकजुटता है ।
बता दें कि मनाली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी का नाम तय होते ही अब यहां पर मुकाबला काफी रौचक हो गया है। एक ओर जहां भाजपा से गोविंद सिंह ठाकुर लगातार 3 बार जीत कर इस बार जीत का चौका लगाने के लिए मैदान में उतरे हैं तो वहीं दुसरी और कांग्रेस प्रत्याशी मनाली में अपना खाता खोलन के लिए मैदान में है। ऐसे में अब यह मुकाबला काफी कठिन माना जा रहा है क्योंकि भाजपा और कांग्रेस के अलावा आप पार्टी सहित निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में उतरे हैं ।
