विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन देहरा से कांग्रेस प्रत्याशी डॉ.राजेश शर्मा ने अपना नामांकन भरा। इस दौरान कांग्रेस के बड़े ओबीसी नेता व ज्वाली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी चौधरी चंद्र कुमार उनके नामांकन में पहुंचे। कहा जा रहा है कि चन्द्र कुमार को ओबीसी वोट बैंक को साधने के लिए बुलाया गया था। यहां बीजेपी ने रमेश धवाला को चुनावी मैदान में उतारा है। रमेश धवाला ओबीसी वर्ग से तालुक रखते हैं इसलिए कांग्रेस इस वोट बैंक को अपने पक्ष में करने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही है।
राजेश शर्मा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सबसे छोटे कार्यकर्ता पर विश्वास जताया है और देहरा की भावनाओं का सम्मान रखा है। डॉ. राजेश ने कहा कि मेरे आस पास दो एक्स एमएलए खड़े हैं। एक मंत्री बनने वाले हैं। डॉ.राजेश ने कहा कि चौधरी चन्द्र कुमार मेरे पिता के मित्र है और वह उनके नामांकन में आशीर्वाद देने आए हैं। इसके अलावा प्रागपुर के एक्स एमएलए चौधरी दिलीप सिंह भी आशीर्वाद देने पहुंचे। इसके साथ ही ब्लॉक अध्यक्ष हरिओम शर्मा भी आशीर्वाद देने आए हैं।
डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि मेरी पत्नी भी मेरे साथ चट्टान की तरह खड़ी है। उन्होंने कहा कि देहरा में 15 सालों का वनवास वह खत्म करेंगे और इस बार जनता की जीत होगी। वहीं उन्होंने कहा कि चौधरी चन्द्र कुमार उन्हें आशीर्वाद देने आए हैं, लेकिन यह सत्य नहीं है कि यहां उन्हें ओबीसी वोट बैंक को साधने के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि वह सभी जातियों पर विश्वास रखते हैं। वहीं ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी व ओबीसी नेता चौधरी चन्द्र कुमार ने कहा कि वह इसलिए आए हैं कि देहरा एक महत्वपूर्ण सीट है। उन्होंने कहा कि यहां सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर करेंगे ओर इस बार रिवाज नहीं हम सरकार ही बदल देंगे।
