हमीरपुर,अरविन्द सिंह(TSN)-पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह राणा ने हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 11 नवंबर को बिलासपुर में आयोजित किए जा रहे जश्न पर तीखे सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने इसे जनता की भावनाओं से खिलवाड़ और चुनावी वादों पर खरा न उतरने का जश्न करार दिया।
राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़े हैं।सड़कों की हालत खराब है,स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सेवाओं में कोई सुधार नहीं हुआ। कर्मचारियों और पेंशनरों के एरियर का भुगतान तक नहीं किया गया। इसके बावजूद सरकार तामझाम के साथ जश्न मना रही है.उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह जश्न असल में झूठी गारंटियों,जनता की उम्मीदों के साथ खिलवाड़ और प्रदेश के खजाने को मित्रों पर लुटाने का उत्सव है।जनता को इसका जवाब चाहिए कि सरकार ने पिछले दो सालों में उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए क्या ठोस कदम उठाए।राजेंद्र राणा ने यह भी कहा कि जनता अब जाग चुकी है और इस जश्न के बहाने सरकार की असफलताओं को भूला नहीं सकती। उन्होंने सवाल किया कि क्या सरकार इस जश्न के जरिए अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने की कोशिश कर रही है?
