अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनावों के मतदान होना है। ऐसे में प्रदेश में चुनावी सरगर्मियां जोरों शोरों पर चल रही हैं। सभी प्रत्याशी चुनावी मैदान में प्रचार-प्रसार में जुट चुके है। पार्टी के प्रत्याशियों के साथ ही आजाद उम्मीदवार भी पूरा दमखम चुनावी प्रचार में अपनी जीत को लेकर लगा रहे हैं। वहीं हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी डॉ.पुष्पेंद्र वर्मा भी चुनावी प्रचार में जुटे हुए हैं।
डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने शनिवार को चुनाव प्रचार के तहत विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों से मुलाकात की और नुक्कड़ सभाओं के दौरान कांग्रेस पार्टी की ओर से दी गई 10 गांरटीयों के बारे में लोगों को जानकारी देते हुए कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इस दौरान डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मैड बाजार,ऊखली,जरल,सनेड, फाफन,पांडवी सहित अन्य क्षेत्रों में ग्रामीणों से मुलाकात की। वहीं कांग्रेस पार्टी उम्मीदवार डॉ पुष्पेंद्र वर्मा ने महिलाओं, युवाओं सहित सरकारी कर्मचारियों को पार्टी की ओर से सत्ता में आने के बाद दी जाने वाली गारंटियों के बारे में भी अवगत करवाया। डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने कहा कि लोगों का रुझान कांग्रेस पार्टी की तरफ है और लोग उनसे मुलाकात कर उनसे अपनी समस्याएं भी सांझा कर रहे हैं।
वहीं कांग्रेस मीडिया सोशल मीडिया के प्रदेश वाइस चेयरमैन शगुन दत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों को जनता का पूर्ण समर्थन मिल रहा है । उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा से ही विकास और कर्मचारी हितैषी रही है जिसको लेकर उन्होंने अपने 10 गारंटियों में भी शामिल करके दिखाया है। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार के बनने के 10 दिन के भीतर ही कर्मचारियों की ओपीएस की मांग को राजस्थान और छत्तीसगढ़ की तरह पूरा किया जाएगा । उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पूरे प्रदेश के कर्मचारियों का भरपूर समर्थन भी मिल रहा है और पार्टी के राष्ट्रीयस्तर व प्रदेशस्तर के नेता कर्मचारियों से मुलाकात कर उनकी मांगो को पूरा करने की बात कही है ।
बता दें कि हिमाचल प्रदेश में कर्मचारी ओपीएस को लेकर लंबे समय से संघर्षरत हैं और सरकार के खिलाफ भी अपना गुस्सा दिखा चुके हैं। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ.पुष्पेंद्र वर्मा सरकारी कर्मचारी रहते हुए ओपीएस के मुद्दे पर भी आंदोलन में शामिल रह चुके हैं।
