कुल्लू : मनमिंद्र अरोड़ा- अपनी ही करनी की सजा भुगत रहे हैं उन पर पहले से ही मानहानि के साथ मामले दर्ज है। भाजपा नेता ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर कुल्लू में छात्रों के एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे हुए थे। जहां उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस, भाजपा पर आरोप लगा रही है जबकि सत्य यह है कि यह एक न्यायिक प्रक्रिया है।
संवैधानिक प्रक्रिया के तहत खारिज हुई राहुल की सदस्यता
ब्रिगेडियर खुशहाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी बेवजह का सत्याग्रह कर रही है। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र के खिलाफ चल रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को जो सजा मिली है उसमें केंद्र की सरकार व भाजपा पर दोष नहीं दिया जा सकता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की यह आदत बन गई है और पहले भी वे सुप्रीम कोर्ट से ऐसे मामले में माफी मांग चुके हैं। उन्हें कहा गया था कि भविष्य में ऐसी टिप्पणी न करें लेकिन वे आदत से मजबूर है। उन्होंने कहा कि यह केस चार साल से चला था और उन्हें न्यायालय ने पूरा मौका दिया लेकिन यह एक न्याययिक प्रक्रिया है इसमें भाजपा को दोष देना सिर्फ राजनीति है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास आज कोई मुद्दा नहीं है और हर जगह से कांग्रेस उखड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ सत्ता में आने के लिए है और आज भारत जोड़ो की बात की जा रही है जबकि भारत टूटा ही कब है। उन्होंने कहा कि यह सत्ता में आने के लिए बहाना है और उनको अपील करनी चाहिए और अपनी दलील रखनी चाहिए।
