नालागढ़ :जगत सिंह (TSN)-इन दिनों प्रदेश में गरमाई सियासत को लेकर नालागढ़ में कांग्रेस पार्टी के प्रदेश महासचिव बावा हरदीप सिंह ने पत्रकार वार्ता की.पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बावा हरदीप सिंह ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक के.एल ठाकुर पर जहां जमकर निशाना साधा,वहीं उन पर सरकार के साथ गद्दारी के गंभीर आरोप भी लगाए.
बावा हरदीप सिंह ने कहा है कि पिछले 1 वर्ष से के. एल. ठाकुर सीएम के माध्यम से सरकार का फायदा उठाते आ रहें है। इसी लाभ के कारण उन्होंने अपना अरबों का कारोबार भी खड़ा कर लिया है और अब वह सरकार के खिलाफ हो गए हैं.भाजपा का समर्थन करके उन्होंने क्रॉस वोटिंग की और भाजपा उम्मीदवार को राज्यसभा का सदस्य चुनने में भाजपा की मदद की.उन्होंने कहा कि सीएम सुखविंदर सिंह से के. एल ठाकुर ने जो भी काम की गुहार लगाई सीएम ने खुलकर उनके काम करवाए। उन्होंने कहा कि अब नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र की जनता उन्हें जवाब देगी और इस गलती के लिए उन्हें कभी भी माफ नहीं किया जाएगा।बता दें कि पत्रकार वार्ता के बाद कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर विधायक के. एल. ठाकुर के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रोष व्यक्त भी किया और उनका नालागढ़ के पुराने बस स्टैंड के पास पुतला भी फूंका गया।
