सोलन/योगेश: कसौली विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा जीत हासिल करने के लिए पुरजोर कोशिश कर रही है। जिसमे भाजपा काफी आक्रामक दिख रही है। क्योंकि भाजपा लगातार कांग्रेस में सेंधमारी कर रही है। साथ ही उन पदाधिकारियों को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है जो कांग्रेस में काफी समय से खफा चल रहे हैं। पिछले कल भाजपा ने अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष रविंद्र बंसल को भाजपा में शामिल कर लिया है। संकेत मिल रहे हैं कि कई दिग्गज नेता भी भाजपा में शामिल होने को तैयार हैं। जिसके चलते कसौली में कांग्रेस को भारी झटका आने वाले समय में लग सकता है।
यह दिग्गज पहले कांग्रेस में बड़े पदों पर आसीन बताए जा रहे हैं। कसौली में उन्होंने कांग्रेस को स्थापित करने के लिए अपना पसीना बहाया है। अपने आप को हाशिए में पा कर वह यह कदम उठा रहे है। लेकिन कांग्रेस डैमेज कंट्रोल करने में कामयाब नहीं हो पा रही है। कसौली विधानसभा क्षेत्र चुनाव प्रभारी रोहित रोहित शर्मा ने कहा कि कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने वाले नेताओं से कांग्रेस पर कोई भी प्रभाव पड़ने वाला नहीं है और उनके जाने से भितरघात पर नियंत्रण हो पाएगा और कांग्रेस को जीत मिलेगी।
कांग्रेस को कर्मठ कार्यकर्ता चाहिए, जो निस्वार्थ भाव से उनकी पार्टी से जुड़े
रोहित रोहित शर्मा ने कहा कि रविंद्र बंसल काफी समय से कसौली में निष्क्रिय थे। उनके द्वारा किसी भी तरह की बैठक आज तक आयोजित नहीं की गई और उनका कोई भी कसौली में जनाधार नहीं है। इसलिए उनके भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस में कोई भी फर्क पड़ने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर अभी भी कोई और पदाधिकारी भी भाजपा में शामिल होना चाहता है, तो वह जा सकते है क्योंकि कांग्रेस को कर्मठ कार्यकर्ता चाहिए, जो निस्वार्थ भाव से उनकी पार्टी से जुड़े। उन्होंने कहा कि जल्द ही कसौली में कांग्रेस ब्लॉक कमेटी का गठन होगा और कांग्रेस फिर से मजबूती के साथ चुनावों में उतरेगी और यहां से जो भी कांग्रेस का प्रत्याशी होगा उसे जीत दिलाएंगे।
