अरविंदर सिंह, हमीरपुर: पार्टी में पुराने कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी के बीज को जड़ से खत्म करने के लिए काम किया जाए ऐसी नाराजगी किसी भी पार्टी की सेहत के लिए सही नहीं हो सकती है। पुराने कार्यकर्ता क्यों नाराज हैं उनकी नाराजगी का कारण को कैसे दूर किया जा सकता है और कौन लोग इसमें अहम भूमिका निभाकर मतभेद को दूर कर सकते हैं ऐसे लोगों से संपर्क कर इस पर काम किया जाए। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को बडू पॉलिटेक्निक कॉलेज में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के पंच परमेश्वर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
इससे पहले जेपी नड्डा का हमीरपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह भाजपा हिमाचल प्रदेश प्रभारी अश्विनी राय खन्ना, खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर पूर्व भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती भाजपा प्रदेश महामंत्री सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बंद हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि चुनाव का समय है और जहां पर भी पुराने लोगों के बीच नाराजगी है उसे मिल बैठकर दूर किया जाए वह किस बात से नाराज हैं और किन लोगों के कहने पर उनकी नाराजगी को दूर किया जा सकता है इसे लेकर संगठनात्मक स्तर पर काम किया जाए ताकि चुनाव को बेहतर ढंग से जीता जा सके। उन्होंने कहा कि पुराने लोग पार्टी के लिए अहम होते हैं और इनकी नजरअंदाज ही नहीं होनी चाहिए।
पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है कांग्रेस पार्टी की हालत खस्ता है पार्टी के बड़े नेता कांग्रेस को छोड़कर जा रहे हैं उन कहा कि कांग्रेस के पास आज कोई भी मुद्दा नहीं है और वह आचार संहिता का ही मुद्दा लेकर घूम रही है। आचार संहिता कब लगनी है यह चुनाव आयोग ने तय करना है भाजपा ने काम किया है और किसी काम के बदौलत जनता का प्यार पार्टी को दोबारा से मिलेगा। चुनाव आचार संहिता के आसपास ही पार्टी की टिकटों को फाइनल करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी प्रदेश कमेटी इसे अंतिम रूप देगी।
उन्होंने कहा कि प्रयास यही रहेगा कि हर जगह पर सहमति से उम्मीदवार उतारे जाएं पार्टी का कोई भी नेता बागी होकर चुनाव ना लड़ने इसे लेकर प्रयास किए जाएंगे। आज हिमाचल में राष्ट्रीय स्तर के संस्थान देश के प्रधानमंत्री जनता को समर्पित कर रहे हैं कांग्रेस के कार्यकाल में कोई भी बड़ा राष्ट्रीय संस्थान यहां क्यों नहीं खुल पाया यह कांग्रेसी नेता ही बता पाएंगे।
