बिलासपुर,सुभाष ठाकुर (TSN)-बिलासपुर के प्रसिद्ध शक्ति पीठ श्री नैना देवी मंदिर में नव वर्ष के अवसर पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।रातभर श्रद्धालुओं की आस्था का सैलाब देखने को मिला,जिससे मंदिर क्षेत्र में अभूतपूर्व भीड़ जमा हो गई। श्रद्धालुओं की भारी संख्या के कारण रात 8 बजे की आरती भी आयोजित नहीं हो पाई। अब तक श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख के करीब पहुंच चुकी है।
मेला अधिकारी धर्मपाल, मेला पुलिस अधिकारी विक्रांत और मंदिर अधिकारी विपिन ठाकुर स्वयं मैदान में डटे रहे।श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने में सुरक्षा कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उन्हें छोटे-छोटे समूहों में रोककर दर्शन करवाए गए।मंदिर न्यास के अध्यक्ष धर्मपाल ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा कर्मियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुख-सुविधा के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मेले के दौरान कड़ाह प्रसाद चढ़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध भी लागू किया गया है।
नव वर्ष मेले के दौरान आरटीओ विद्या चौधरी ने 300 गाड़ियों की चेकिंग की और ट्रैफिक नियमों की उल्लंघना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।उन्होंने लगभग 15 चालान किए और 15 हजार रुपए जुर्माने के रूप में वसूले।इसके अलावा, लगभग 50 हजार रुपए के चालान अभी पेंडिंग हैं,जिन्हें जल्द ही वसूला जाएगा।पंजाब,हिमाचल,हरियाणा,दिल्ली, यूपी, और बिहार सहित अन्य राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने नव वर्ष के अवसर पर जोरदार जयकारों के साथ भगवान से अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर क्षेत्र में की गई व्यवस्थाओं ने उनकी यात्रा को सहज और सुरक्षित बनाया।
प्रशासन की अपील
मेला अधिकारी धर्मपाल ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आस्था व्यक्त करें। मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
