मंडी,धर्मवीर(TSN)-मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा शहर के पड्डल मैदान में इनडोर स्टेडियम बनवाना चाह रहे हैं और यह उनका एक तरह से ड्रीम प्रोजेक्ट है।लेकिन अनिल शर्मा के इस ड्रीम प्रोजेक्ट के खिलाफ विरोध के स्वर उठने लग गए हैं।लोग यह मांग कर रहे हैं कि इनडोर स्टेडियम को पड्डल मैदान में न बनाकर किसी दूसरे स्थान पर बनाया जाए।इसी बात को लेकर कल यानी शुक्रवार को करीब एक दर्जन संस्थाएं मंडी शहर में प्रदर्शन करने के साथ ही एक दिवसीय सामूहिक अनशन भी करेंगी।
पड्डल मैदान में इनडोर स्टेडियम बनाने का किया जा रहा है विरोध
इस बात की जानकारी पन्नालाल रक्षा मेमोरियल ट्रस्ट के संस्थापक राजेश कपूर ने मंडी में दी। यह प्रदर्शन इसी ट्रस्ट के बैनर तले आयोजित किया जा रहा है।राजेश कपूर ने स्पष्ट किया कि इनडोर स्टेडियम के विरोध में नहीं है।लेकिन पड्डल मैदान में इसका निर्माण नहीं किया जाना चाहिए।इससे पड्डल मैदान का आकार सिकुड जाएगा और वहां पर वर्ष भर जो गतिविधियां होती हैं वो नहीं हो पाएंगी। उन्होंने वर्ष 1905 में आई आपदा का हवाला देते हुए कहा कि यह मैदान लोगों के लिए तरह से सुविधाजनक है लेकिन अब यहां कंकरीट का जंगल खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है जिसे बर्दाशत नहीं किया जाएगा।
राजेश कपूर ने बताया कि कल होने जा रहे विरोध प्रदर्शन में तुंगल क्षेत्र की 21 पंचायतों के लोग भी शामिल होंगे और सुकोहड़ी बस स्टॉप को फिर से बहाल करने की मांग उठाएंगे। उन्होंने बताया कि वर्षों पुराने सुकोहड़ी बस स्टॉप को बंद कर दिया गया है जिससे तुंगल क्षेत्र के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।राजेश कपूर ने स्पष्ट कहा कि वे व्यक्ति विशेष के निर्णयों के विरोध में नहीं हैं लेकिन दुख इस बात का है कि लोगों की सुविधा को न देखते हुए और उनसे सलाह मशविरा न करके इस तरह के निर्णय लिए जा रहे हैं जो जनहित में है ही नहीं।उसी के विरोध में अब लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर हो रहे हैं।
