मंडी : धर्मवीर ( TSN)- हिमाचल प्रदेश में आई त्रासदी के दौरान मंडी शहर में ब्यास नदी व सुकेती खड्ड के संगम पर बना पंचवक्त्र पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। करीब 5 महीने के अंतराल के बाद यहां नये पैदल पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। 55 लाख रुपये बनने वाले यह 45 मीटर लंबा पुल फरवरी 2024 तक बनकर तैयार होगा। शिवरात्रि महोत्सव से पहले यह पुल बनकर जनता के लिए सुविधा को समर्पित होगा। ऐसे में आवाजाही करने वाले लोगाें को फिर से सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी।
वीरवार को नगर निगम मंडी के महापौर वीरेंद्र शर्मा, लोक निर्माण विभाग व जल शक्ति विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से इस पुल निर्माण को लेकर जायजा लिया। संयुक्त निरीक्षण में उपमहापौर माधुरी कपूर, वार्ड पार्षद सोमेश उपाध्याय, लोक निर्माण विभाग के अधिषांषी अभियंता बीसी नेगी, सहायक अभिंयता बह्यम दास, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता राजकुमार सैनी, सहायक अभियंता रोहित गुप्ता, नगर निगम के सहायक अधिशाषी अभियंता एचसी जसवाल, ठेकेदार विजय कपूर सहित अन्य भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान निर्णय लिया कि पंचवक्त्र फुट ब्रिज को पुराने स्थान पर ही चार फुट चौड़ा बनाया जाएगा। पुल से दोपहिया वाहन ही चलेंगें। इस मौके पर ठेकेदार विजय कपूर ने बताया कि पंचवक्त्र पुल को फरवरी माह में शिवरात्री से पूर्व तैयार कर दिया जाएगा। यह पुल पूर्व की भांति ही बनकर तैयार होगा। बता दें कि बरसात के सीजन में आई बाढ़ में यह पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। इस पुल के टूटने से अब लोगों को आने जाने में शहर का चक्कर काटना पड़ रहा है। शिवरात्रि के दौरान भी सैकड़ों राहगीर रोजाना इस पुल पर से गुजरते हैं। ऐसे में मंडी शहर वासियों ने शिवरात्रि से पूर्व इस पल को बनाने की अपील की है।
