राहुल चावला,धर्मशाला: विश्व की सबसे खूबसूरत अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में खेले जाने वाले T20 मैच के लिए क्रिकेट टीमों के खिलाड़ी कांगड़ा एयरपोर्ट के माध्यम से धर्मशाला पहुंच रहे हैं। सोमवार को करीब 2 बजे स्पेशल चार्टर विमान के जरिए दिल्ली कैपिटल के खिलाड़ी कांगड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचे। कांगड़ा हवाई अड्डे पर पहुंचने पर एचपीसीए के अधिकारियों की ओर से खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया गया।
वहीं धौलाधार पर्वत श्रृंखला की खूबसूरत वादियों के कायल हुए दिल्ली कैपिटल के खिलाड़ियों ने कांगड़ा हवाई अड्डे के अंदर की सेल्फी लेना शुरू कर दी। इसके बाद कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिल्ली कैपिटल के खिलाड़ियों को हवाई अड्डे से बाहर लाया गया और स्पेशल बसों व कड़ी सुरक्षा घेरे के बीच उन्हें धर्मशाला के लिए रवाना कर दिया गया। कांगड़ा हवाई अड्डे के बाहर आज क्रिकेट प्रेमियों का भी हजूम देखने को मिला जो अपने चहेते खिलाड़ी के एक झलक पाने के लिए बेताब दिखे। कुछ क्रिकेट प्रेमियों ने अपने चहेते क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ फोटो लेने की भी कोशिश की लेकिन कड़ी सुरक्षा व्यवस्था होने के कारण किसी भी व्यक्ति को खिलाड़ियों के सुरक्षा घेरे में नहीं जाने दिया गया जिस कारण क्रिकेट प्रेमियों को भी कहीं न कहीं मायूसी का सामना करना पड़ा।
इसी के साथ अब क्रिकेट प्रेमी भी धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाने वाले पहले टी-20 मैच में पंजाब किंग्स के कैप्टन शिखर धवन व दिल्ली कैपिटल के कप्तान डेविड वार्नर की धुंआधार पारी देखने को भी बेताब नजर आ रहे हैं। आज शाम को पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों ने धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में अपने दो दिवसीय मैच के लिए अभ्यास करना था लेकिन किन्हीं कारणों के चलते आज के अभ्यास सत्र को रद्द कर दिया गया हैं। वहीं अब पंजाब किंग्स के खिलाड़ी कल यानी 16 मई को करीब 4:30 बजे अभ्यास के लिए धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में उतरेंगे और दिल्ली कैपिटल के खिलाड़ी करीब 6 बजे धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में पहुंचेंगे और रात 9 बजे तक क्रिकेट मैच का अभ्यास करेंगे।
