राहुल चावला,धर्मशाला:चैत्र नवरात्रों के आठवें दिन बुधवार को दुर्गा अष्टमी का पर्व बड़ी ही धूमधाम से प्रदेश में मनाया जा रहा हैं। इस अवसर पर सभी शक्तिपीठों के साथ ही देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की श्रद्धा का सैलाब उमड़ा हैं। जिला कांगड़ा के सभी शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भीड़ दुर्गा अष्टमी पर उमड़ी हैं। अष्ठमी के उपलक्ष्य में मां ब्रजेश्वरी देवी, ज्वालामुखी देवी व चामुंडा देवी में माथा टेकने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ आया।
तीनों मंदिरों के कपाट सुबह चार बजे ही दर्शनों के लिए खोल दिए गए थे। वहीं श्रद्धालुओं ने भी सुबह से ही लंबी-लंबी कतारों में लगकर बारी बारी माता के दर्शन किए। इस मौके पर मंदिरों में कन्या पूजन भी किया गया। बाहरी राज्यों से आए श्रद्धालुओं ने भी मंदिर में मौजूद कन्याओं का पूजन किया और सुख शांति की कामना की।
बात अगर ब्रजेश्वरी देवी मंदिर की कि जाए तो यहां सुबह से ही श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए लाइनों में लगे रहे। मंदिर में ज्यादा श्रद्धालुओं की भीड़ होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से मंदिरों ने अतरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया था,ताकि बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस मौके पर मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से चने पुरी का लंगर भी लगाया गया था। वहीं चामुंडा देवी व ज्वालामुखी देवी में भी श्रद्धालुओं की आस्था देखने को मिली। भारी संख्या में अष्ठमी के दिन श्रद्धालुओं ने माता के दर पर अपना शीश नवाया।
मंदिर में माता के दर्शन करने जिला यूपी के एटा से आए शीलेन्द्र कुमार ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ मां ब्रजेश्वरी देवी के दर्शन करने के लिए आए हैं। आज अष्ठमी के दिन मां ब्रजेश्वरी के दर्शन कर उन्हें अच्छा महसूस हो रहा हैं। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए पुख्ता प्रबंध किए हुए है और साफ सफाई का भी विशेष व्यवस्था की गई हैं।
चामुंडा देवी मंदिर के पुजारी हरीश कुमार ने बताया कि आज अष्टमी के मौके पर मां गौरी के स्वरूप में माता की पूजा की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि आज पूरी रात मां चामुंडा का दरबार भक्तों के लिए खुला रहेगा और रात को जागरण का भी आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंदिर में चल रहे हवन यज्ञ की पूर्ण आहुति कल यानी नवमी को डाली जाएगी।
