बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- जल शक्ति विभाग और
नगर परिषद लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लाख दावे करती है ,लेकिन हकीकत यह है कि यह दोनों विभाग लोगों को शुद्ध पीने का पानी उपलब्ध करवाने में भी नाकाम साबित हो रहे हैं। परिषद घुमारवीं के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 5 बजोहा के कईं घरों के लोग बिन बरसात ही गंदा पेयजल पीने को मजबूर हैं। पिछले एक सप्ताह से उक्त क्षेत्र के लोग कई बार इस बारे में विभाग के आला अधिकारियों से शिकायत कर चुके हैं। बावजूद इसके विभाग इस समस्या का समाधान करने की कोई सुध नहीं ले रहा है ।ऐसे में बजोहा वार्ड के लोगों ने विधायक राजेश धर्मानी के समक्ष अपनी समस्या को रखा है और उनसे इस समस्या का समाधान करने की फरियाद लगाई है।
सीवर और अन्य गंदे नालों से होकर गुजर रही पाईपों को निकाला जाए बाहर
स्थानीय लोगों ने बताया कि जल शक्ति विभाग की लापरवाही के चलते कई घरों में लोगों को गंदा पानी पीना पड़ रहा है । हालांकि इसकी शिकायत जल शक्ति विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से भी की गई । बावजूद इसके अभी तक समस्या का कोई समाधान नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें विभाग की लापरवाही से गंदा पानी पीना पड़ रहा है। क्योंकि विभाग पुरानी और टूटी पाइपों से पानी मुहैया करा रहा है। जो गंदी नालियों से होकर गुजर रही है। लोगों का कहना है कि उन्होंने विभाग को इस बारे में पहले ही अवगत करा दिया था कि पेयजल पाइप पर कई जगह से गंदी नालियों और सीवर से भरी नालियों के बीच में डाल दी गई है । पिछले कई दिनों से पाइप के लीकेज होने से सीवर का सारा पानी पाइप से होता हुआ उनके नलों में आ रहा है । घरों में नलों के खुलते ही उनमें से गंदा तथा छोटे-छोटे लाल रंग के कीड़ों युक्त पानी निकल रहा है। नलों से निकल रहे इस बदबूदार और गंदे पानी के निकलने से वार्ड वासियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि लगातार हो रही इस तरह की घटना के बाद जहां नगर परिषद लापरवाही बरत रही है। वहीं जल शक्ति विभाग भी मौन धारण किए हैं। लोगों ने विभाग से मांग की है कि जितनी भी पाइप सीवर और अन्य गंदे नालों से होकर गुजर रही हैं उन्हें बाहर निकाला जाए ।क्योंकि अक्सर उनके टूटने और लीक होने से सीवर का सारा गंदा पानी नलों के माध्यम से घरों में पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि यह पानी इतना गंदा और बदबूदार है कि पीना तो दूर की बात है इससे घर के अन्य कामों में भी प्रयोग नहीं किया जा सकता है।
लीक कर रही पाइपों को किया जाएगा चेंज
जल शक्ति विभाग घुमारवीं के अधिशासी अभियंता होशियार सिंह ने बताया कि मामला ध्यान में नहीं आया था लेकिन आज ही कर्मचारी भेज कर स्थिति का जायजा लिया जाएगा । जितनी जल्दी हो सकेगा सभी लीक कर रही पाइपों को चेंज कर दिया जाएगा ताकि लोगों को साफ पानी मिल सके।
