अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश से पिछले 3 सालों में 4000 लड़कियां गायब हो चुकी हैं। गायब हुई इन लड़कियों का कोई भी अता पता पुलिस नहीं लगा पाई हैं। यह बात हिंदू जागरण मंच हमीरपुर के जिला संयोजक कुलदीप कुमार ने हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने आरटीआई से महिलाओं और लड़कियों के लाप+ता होने को लेकर जो जानकारी जुटाई हैं वह इस समय हिमाचल प्रदेश पुलिस की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों से मैच नहीं खा रही हैं, ऐसा लग रहा है कि इन आंकड़ों को छुपाने का काम किया जा रहा हैं।
पत्रकार वार्ता करते हुए हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक कुलदीप ने कहा कि महिलाओं के गायब होने को लेकर हमीरपुर जिला से प्राप्त आंकडो के अनुसार जनवरी से लेकर 30 अप्रैल 2023 तक 50 महिलाएं लापता हो चुकी हैं । उन्होंने कहा कि महिलाओं के लापता होने और इससे जुड़ी जानकारी पुलिस की वेबसाइट पर क्यों पुख्ता नहीं मिल रही है यही समझ नहीं आ रहा है जोकि गंभीर विषय हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के 14 पुलिस जिलों में जो आंकड़े प्राप्त हुए हैं उसके मुताबिक हर रोज 5 महिलाएं औसतन हिमाचल प्रदेश से गायब हो रही हैं अगर नॉन रिपोर्टेड घटनाएं भी शामिल की जाए तो यह औसत प्रतिदिन 6 महिलाओं के गायब होने की बनती हैं । उन्होंने कहा कि हर जिले में उपायुक्त ने निर्देश जारी कर रखे हैं कि हर तरह के प्रवासी की रजिस्ट्रेशन की जाए लेकिन बाहरी राज्यों से लाखों की तादाद में प्रवासी हिमाचल में रह रहे हैं।
