Mandi, Dharamveer-:मंडी में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) पेंशनर कल्याण संगठन की मंडी इकाई की मासिक बैठक सोमवार को वरिष्ठ नागरिक भवन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केडी अवस्थी ने की। बैठक में पेंशनरों ने नवंबर माह की पेंशन अब तक जारी न होने पर गहरी नाराज़गी व्यक्त की और इसे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ अन्याय बताया।
पेंशनरों ने कहा कि पेंशन भुगतान में लगातार हो रही देरी के कारण उन्हें रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई पेंशनर उम्र और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, ऐसे में समय पर पेंशन न मिलना उनकी परेशानियों को और बढ़ा रहा है।बैठक में हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा एचआरटीसी पेंशनरों के लिए प्रत्येक माह 15 तारीख से पहले 24 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा का स्वागत किया गया। संगठन ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि इस घोषणा को धरातल पर उतारने के लिए वित्त सचिव, परिवहन सचिव और एचआरटीसी प्रबंधन को स्पष्ट और सख्त निर्देश जारी किए जाएं, ताकि हर माह तय समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित हो सके।इसके अलावा बैठक में एचआरटीसी पेंशनरों के लंबित चिकित्सा बिलों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने मांग की कि सरकारी सेवानिवृत्त कर्मचारियों की तर्ज पर एचआरटीसी पेंशनरों के पिछले तीन वर्षों से लंबित चिकित्सा बिलों का भी शीघ्र भुगतान किया जाए।
बैठक में उच्च न्यायालय द्वारा पेंशनरों के पक्ष में दिए गए फैसलों के पूर्ण क्रियान्वयन न होने पर भी चिंता जताई गई। पेंशन वृद्धि के एरियर और वेतन पुनरीक्षण से जुड़े लाभ केवल कुछ पेंशनरों को मिलने पर संगठन ने आपत्ति दर्ज कराई।इस अवसर पर मंडी इकाई के अध्यक्ष अनूप कपूर और महासचिव रोशन कटोच ने कहा कि संगठन पेंशनरों के वैध अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगा और सरकार से न्यायोचित समाधान की उम्मीद करता है।
