संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल की संस्कृति और पारंपरिक लोक गीतों को लोगों तक पहुंचाने ओर लोक कलाकारों को मंच प्रदान करवाने के उद्देश्य से शिमला के गेयटी थियेटर में जिला स्तरीय लोक नृत्य एवं वाद्य यंत्र वादन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह आयोजन आज़ादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग शिमला की ओर से किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री विद्यानंद सरैक ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
जिला भाषा अधिकारी अनिल कुमार हारटा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश की संस्कृति और पारंपरिक लोक विधाओं से जुड़े कलाकारों को मंच प्रदान करने के मकसद से विभाग ने शनिवार को जिला स्तरीय लोक नृत्य और वाद्य यंत्र वादन प्रतियोगिता का शिमला में आयोजन किया हैं। इसमें जिला के 16 सांस्कृतिक दल भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अव्वल रहने वाले सांस्कृतिक दल को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मेले और अन्य कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्राथमिकता दी जाएगी ताकि यह सांस्कृतिक दल हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक लोक संस्कृति को आगे बढ़ाने के लिए काम करेंगे।
