नाहन :देवेंद्र कुमार (TSN)- ददाहू सिविल अस्पताल में इलाज करवाने पहुंचे विकलांग व्यक्ति द्वारा चिकित्सक पर मार पिटाई के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर पीड़ित देवराज आज जिला मुख्यालय नाहन में मीडिया से रूबरू हुए।
मीडिया से बात करते हुए पीड़ित देवराज ने बताया कि मामला 3 सितंबर की रात का है, अचानक उनके पेट में दर्द उठी जिसके बाद वह ददाहू सिविल अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सक न होने के चलते उन्होंने स्टाफ नर्सो से डॉक्टर को बुलाने की गुजारिश की। परंतु काफी समय बीत जाने के बाद जब चिकित्सक नहीं पहुंचे तो उन्होंने स्टाफ नर्सो से फिर से गुजारिश करते हुए कहा कि या तो उन्हें नाहन रेफर कर दिया जाए या फिर चिकित्सक को बुलाया जाए क्योंकि दर्द से उनकी हालत खराब होती जा रही थी। इस पर स्टाफ नर्स और उनके बीच बहस हो गई। इसी बीच महिला चिकित्सक वहां पहुंची और स्टाफ नर्स ने उनके बीच हुई बातचीत को डॉक्टर को बताया। डॉक्टर ने इलाज करने के बजाय पुलिस को बुलाया। पुलिस के साथ एक ओर डॉक्टर भी आया जिसने उसके साथ मार पिटाई करने के बाद इंजेक्शन लगाया और पुलिस थाने भेजा दिया। उन्होंने बताया कि जब दर्द में आराम नहीं मिला तो पुलिस ने उन्हें दोबारा अस्पताल भेज दिया परंतु अस्पताल में न तो उनका इलाज किया गया और न ही रेफर किया गया। मजबूरन उन्हें नाहन आकर एक निजी अस्पताल में भर्ती होकर चार दिनों तक इलाज करवाना पड़ा।
SP, CMO और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को भेजी शिकायत
देवराज ने यह भी आरोप लगाए हैं कि जब उनके जैसे 90% विकलांग व्यक्ति के साथ चिकित्सक कोई हमदर्दी से पेश नही आ रहे हैं तो अन्य लोगों के साथ किस तरह का बर्ताव करते होंगे। उन्होंने मामले में जिला पुलिस अधीक्षक, सीएमओ सिरमौर और स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
