मंडी :धर्मवीर (TSN)- इंसान चाहे कितने ही उच्च पद पर आसीन क्यों न हो जाए और उसकी जिंदगी में चाहे कितनी ही व्यस्तताएं क्यों न हो जाएं लेकिन वो अपने शौक को पूरा करने के लिए समय निकाल ही लेता है। कुछ ऐसा ही करती हैं एचपीएस अधिकारी गीतांजलि ठाकुर। शिमला निवासी 2018 बैच की एचपीएस अधिकारी गीतांजलि ठाकुर को बचपन से ही पेंटिंग का शौक है और अपने इस शौक को पूरा करने के लिए समय निकाल ही लेती हैं।
मंडाला आर्ट और फ्लूड एक्रिलिक पोरिंग आर्ट में है महारत
सरदार पटेल यूनिवर्सिटी मंडी में गीतांजलि ठाकुर द्वारा बनाई गई 250 से अधिक पेंटिंग्स की जब प्रदर्शनी लगी तो इनकी इस छुपी हुई प्रतिभा का सभी को पता चल पाया। गीतांजलि मंडाला आर्ट और फ्लूड एक्रिलिक पोरिंग आर्ट में पेंटिंग करती हैं। गीतांजलि ने बताया कि उन्हें बचपन से ही पेंटिंग का शौक है और इसकी बारीकियां उन्होंने कभी किसी से नहीं सीखी। मंडाला आर्ट के डिजाईन वह पिछले पांच वर्षों से बना रही हैं। जब कभी ज्यादा तनाव हो जाता है तो माईंड को रिलेक्स करने के लिए पेंटिंग्स कर लेती हैं। पुलिस अधिकारी होने के कारण डयूटी का काफी ज्यादा प्रेशर रहता है लेकिन पेंटिंग्स के माध्यम से उस प्रेशर से निजात पा लेती हैं।
गीतांजली ने बताया कि वह इससे पहले बैंक की नौकरी भी कर चुकी हैं। पुलिस में नौकरी ज्वाईन करने के बाद गीतांजलि ने करसोग में पहली मर्तबा डीएसपी की कुर्सी की संभाली और बीते 3 वर्षों से यहां पर अपनी सेवाएं दे रही हैं। एसपी मंडी सौम्या सांबशिवन और अन्य पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों सहित शहर के कई लोगों ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन किया और पेंटिंग्स की जमकर प्रशंसा की।
