संजीव महाजन,नूरपुर: सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास और आर्थिक समृद्धि की भाग्यरेखाएं होती है। प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए पिछले पौने पांच वर्षों के दौरान सड़क नेटवर्क की मजबूती पर विशेष बल दिया है। यह बात वन, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कंडवाल पंचायत के तहत चन्दराहण में 30 लाख रुपए की लागत से निर्मित सड़क मार्ग को जनता को समर्पित करने के बाद कही।
उन्होंने कहा कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए वह प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि नई सड़कों-पुलों के निर्माण ओर पुरानी सड़कों के बेहतर रखरखाव के लिए करोड़ों रुपए का बजट प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त पेयजल, बिजली, फिन्ना सिंह मध्यम सिंचाई परियोजना के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती पर भी करोड़ों रुपए खर्च किए गए है, जिससे सभी क्षेत्रों का संतुलित व समग्र विकास सुनिश्चित हुआ है।
उन्होंने कहा कि बच्चों की सुविधा के दृष्टिगत बरंडा में नया राजकीय कॉलेज खोलने की मुख्यमंत्री ने जो हाल ही में घोषणा की है इससे क्षेत्र के हज़ारों बच्चों को घरद्वार के नजदीक उच्च शिक्षा मिल सकेगी। विशेषकर बेटियों के लिए यह शिक्षा रूपी मंदिर काफी मददगार साबित होगा।
इस दौरान राकेश पठानिया ने महिलाओं से अपने घरेलू कार्यों के अतिरिक्त किसी समूह के माध्यम से जाइका परियोजना के तहत पंजीकरण करवा कर आर्थिकी रूप से सशक्त बनने की अपील की। इससे पहले, उन्होंने जन संवाद कार्यक्रम के तहत भलेटा पंचायत के सुतराहड़ ओर बड़वाल में लोगों की समस्याओं को सुना ओर विकास कार्यों का जायजा लिया।
