Shimla,11 September – शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र जुब्बल-कोटखाई के उपमंडल जुब्बल की सीमावर्ती पंचायत कुड्डू का दौरा किया। यहाँ उन्होंने हालिया भारी बरसात से आई बाढ़ और भूस्खलन से हुए नुकसान का जायज़ा लिया।
मंत्री ने बताया कि इस बार बरसात ने हिमाचल प्रदेश में अभूतपूर्व क्षति पहुंचाई है और जुब्बल क्षेत्र भी इससे अछूता नहीं रहा। जुब्बल मण्डल के अंतर्गत सड़कों को ही लगभग 57 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।उन्होंने कहा कि कुड्डू-सराजी मार्ग और शिलोल सड़क बहाल कर दी गई है जिससे बागवानों को सेब की ढुलाई में सुविधा मिलेगी। सेब सीज़न को ध्यान में रखते हुए सभी संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोला जा रहा है।प्रदेश सरकार की मंडी मध्यस्था योजना के तहत जुब्बल क्षेत्र में 28 केंद्रों के माध्यम से अब तक 11,000 मीट्रिक टन सेब खरीदा जा चुका है।
बरसात के कारण प्रभावित हुई बिजली और पेयजल योजनाओं को भी युद्धस्तर पर बहाल किया जा रहा है।इस दौरान शिक्षा मंत्री ने प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया कि सरकार द्वारा उन्हें नियमानुसार राहत प्रदान की जाएगी। मौके पर उपमंडल दण्डाधिकारी जुब्बल, डीएसपी रोहड़ू समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
