मंजूर पठान,चंबा(TSN):नए हिट एंड रन कानून के विरोध में प्रदेश में चल रही ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल का असर चंबा जिला में भी देखने को मिला। सुबह ही चंबा में चल रहे सभी पेट्रोल पंप पर दो पहिया गाड़ियों से लेकर चार पहिया गाड़ियों की लंबी लंबी कतारें देखने को मिली। इतना ही नहीं कई वाहन चालक अपनी बारी और पेट्रोल लेने को लेकर लड़ाई झगड़ा करते हुए भी नज़र आए। सामान्य सी दिखने वाली चालकों की यह हड़ताल जिसने केवल दो दिनों के भीतर चंबा जैसे छोटे से शहर के लोगों को परेशानी में डाल दिया है। अगर ऐसे में यह हड़ताल और लंबी चलती हैं तो इसका सीधा सीधा असर अर्थ व्यवस्था के साथ साथ लोगों के जन जीवन पर भी पड़ेगा।
चंबा मुख्यालय के करीब 10, किलोमीटर के दायरे में केवल चार ही पेट्रोल पंप है जिनपर आज सुबह से ही गाड़ी वालो की लंबी लंबी कतारें लगी हुई नज़र आई। हर कोई वाहन चालक अपनी गाड़ी में तेल डलवाने के लिए मशक्कत करते हुए नजर आए। पेट्रोलपंप में केवल दो दिनों का ही स्टॉक उपलब्ध था और अगर ऐसे में ट्रक चालकों की हड़ताल समाप्त नहीं होती है तो स्तिथि को संभालना मुश्किल हो जाएगा। व्यवस्था बनी रहे इसके लिए पुलिस की निगरानी में लोगों को पेट्रोल और डीजल वितरित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
ट्रक चालक और बस चालकों की हुई इस हड़ताल से शहर तो शहर दुकानदारों के सिर पर भी मंदी की तलवार लटकी हुई साफ तौर से देखने को मिल रही है। इन दुकानदारों का कहना है कि सरकार इस हड़ताल को जैसे तैसे समाप्त करवाए अन्यथा सभी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। इन दुकानदारों ने इस हड़ताल को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि पेट्रोल या फिर डीजल नहीं मिलने पर हड़ताल में उन रोगियों को भारी दिक्कत होगी जिनको चंबा के मेडिकल कॉलेज से इलाज करवाने के लिए रैफर किया जाता है। वहीं सब्जी विक्रेताओं से लेकर सभी लोग सरकार से इस हड़ताल को तुरंत समाप्त किए जाने की अपील कर रहे हैं।
