मंजूर पठान, चंबा(TSN): हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी जिलों में सर्दियों का मौसम शुरू हो गया है जिसके चलते सर्दी ने चंबा जिला के तमाम इलाकों में अपनी दस्तक दे दी हैं। वहीं सर्दियों के मौसम को देखते हुए बिजली विभाग ने भी अपनी तैयारी मुकम्मल कर ली हैं। चंबा जिला के दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में जहां अधिक बर्फबारी होती है उन इलाकों के लिए बिजली के खंभे और बिजली की तारें सहित अन्य जरूरी सामान एडवांस में भेज दिया है ताकि बर्फबारी के दौरान इन इलाकों में बिजली की समस्या उत्पन्न ना हो।
अक्सर देखा जाता है कि जब भारी बर्फबारी होती है तो सबसे अधिक नुकसान बिजली विभाग को होता है क्योंकि उसके बिजली के खंभे टूट जाते हैं और जगह जगह बिजली की तारें टूटने से परेशानी हो जाती है उसी को ध्यान में रखते हुए बिजली विभाग ने उन इलाकों में शुरुआती दौर में ही सारा सामान उपलब्ध करवा दिया हैं ताकि भारी बर्फबारी के दौरान किसी तरह की परेशानी उपभोक्ताओं को न झेलनी पड़े।
दूसरी और अधिशासी अभियंता बिजली विभाग मंडल चंबा प्रवेश ठाकुर का कहना हैं कि सर्दियों के मौसम को देखते हुए बिजली विभाग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है और जहां अधिक बर्फबारी होती है उन इलाकों में बिजली के खंभे तारे और अन्य महत्वपूर्ण सामान भेज दिया है ताकि लोगों को बर्फबारी के दौरान भारी परेशानियों का सामना न करना पड़े इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा हैं।
