मंडी : धर्मवीर (TSN) – कीतरपुर-मनाली फोरलेन पर एक्सीडेंटल और ट्रेफिक जाम का स्पॉट बन चुके मंडी जिला के डडौर चौक पर अब एनएचएआई ने फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की है । एनएचएआई यहां पर 20 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाने जा रही है और इसकी सारी प्रपोजल बनाकर मंत्रालय को भेज दी गई है।
बता दें कि डडौर चौक एक ऐसा चौक हैं जहां से मंडी, सुंदरनगर, नेरचौक, रिवालसर, सरकाघाट और गोहर-चैलचौक के लिए सड़कें जाती हैं। यहां पर वाहनों की क्रॉसिंग के लिए कोई उचित व्यवस्था नहीं है जिस कारण आए दिन यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं और लंबा जाम भी लग जाता है। हालांकि एनएचएआई ने इस चौक को काफी ज्यादा विजिवल बनाने की कोशिश की है और ढेरों साईन बोर्ड लगा दिए हैं लेकिन उससे भी यहां पर कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इसलिए स्थायी समाधान के लिए एनएचएआई अब फ्लाईओवर बनाने जा रही है। एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरूण चारी ने बताया कि 20 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाने की प्रपोजल भेज दी गई है। मंजूरी मिलते ही इसका कार्य शुरू कर दिया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोग लंबे समय से यहां पर फ्लाईओवर बनाने की मांग उठा रहे हैं। स्थानीय निवासी पूर्ण चंद और प्रकाश चंद ने बताया कि डडौर चौक पर आए दिन हादसे भी हो रहे हैं और लंबा जाम भी लग रहा है जिससे उन्हें आने-जाने में भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। इन्होंने सरकार से डडौर चौक पर जल्द से जल्द फ्लाईओवर बनाने की मांग उठाई है।
