सोलन : योगेश शर्मा – वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत जिला सोलन में बेहतरीन कार्य खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सोलन द्वारा किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में यदि एक महीने में इस योजना के तहत साढ़े पांच हज़ार ट्रांजैक्शन होती है तो उसमें से 80% ट्रांजैक्शन सोलन जिला में हो रही है जिससे लोगों को भी फायदा मिल रहा है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक सोलन नरेंद्र धीमान ने बताया कि वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत NFSA एक्ट के तहत जो भी लाभार्थी आते हैं, उन्हें इस योजना का लाभ मिल रहा है । उन्होंने कहा कि यदि किसी भी राज्य का कोई भी लाभार्थी किसी और राज्य में रहता है, तो उसे इस योजना का लाभ मिल रहा है, यदि हिमाचल में हरियाणा पंजाब के लोग रहते हैं तो उन्हें इस योजना का लाभ हिमाचल में मिलता है और यदि हिमाचल के लोग हरियाणा पंजाब में रहते हैं तो उन्हें इस योजना का लाभ उस राज्य में मिल रहा है ।उन्होंने कहा कि सोलन जिला में इसको लेकर बेहतरीन कार्य किया जा रहा है और अप्रैल माह में भी इसी तरह कार्य होने की संभावना है । उन्होंने कहा कि जिला सोलन में औद्योगिक क्षेत्र होने के चलते बाहरी राज्यों के लोग बेहद अधिक संख्या में है । ऐसे में उन लोगों को इसका लाभ मिल रहा है ।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के तहत योजना का लाभ उठाने के लिए आगे आएं।
बता दें कि वन नेशन वन राशन कार्ड योजना के अंतर्गत अब देश का कोई भी नागरिक देश की किसी भी राज्य की फेयर प्राइस शॉप से राशन खरीद सकता है । इसके लिए उन्हें उस राज्य का राशन कार्ड बनवाने की आवश्यकता नहीं है। वह एक ही राशन कार्ड से देश की किसी भी फेयर प्राइस शॉप से राशन खरीद सकते है।
