अनिल कुमार, किन्नौर: प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की जो सूची जारी की है उसमें किन्नौर जिला के विधायक जगत सिंह नेगी का नाम शामिल नहीं है। ऐसे में जगत सिंह नेगी को टिकट ना देने को लेकर किन्नौर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में भारी रोष है। इसी संदर्भ में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने रिकोंगपिओ में बैठक का आयोजन किया, जिसमें 12 अग्रणी संगठनों के प्रमुख पदाधिकारियों ने भी भाग लिया और हाई कमान को विधायक जगत सिंह नेगी के टिकट काटे जाने की परिस्थिति में इस्तीफा देने की चेतावनी दी है। किन्नौर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हाई कमान को चेतावनी देते हुए कहा है कि बीते कल हिमाचल कांग्रेस के विधानसभा चुनावों के लिए प्रतियाशियों की सूची जारी की गई है। ऐसे में विधायक जगत सिंह नेगी का नाम सूची से गायब है, जबकि हिमाचल कांग्रेस के अन्य समर्थित 19 विधायकों क़ा नाम सूची में कांग्रेस हाई कमान ने शामिल किया है जिसका किन्नौर कांग्रेस विरोध करती है।
किन्नौर कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष उमेश नेगी ने कहा कि विधायक किन्नौर जगत सिंह नेगी लगातार 4 बार जिला के विधायक के पद पर रहे है और दूसरी बार विधायक जीतकर जिला का प्रतिनिधित्व किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 20 विधायकों के कांग्रेस में टिकट फाइनल होने थे लेकिन 19 टिकटों की घोषणा कर किन्नौर के विधायक जगत सिंह नेगी क़ा नाम कांग्रेस टिकट लिस्ट मे नहीं आया है, ऐसे में हाई कमान पर संशय बना हुआ है और आज शाम तक विधायक जगत सिंह नेगी क़ा नाम कांग्रेस के दूसरे टिकट पैनल में नहीं आता हैं तो 5 हजार कार्यकर्ता व पदाधिकारी एक साथ सामूहिक इस्तीफा देंगे जिसका खामियाज़ा कांग्रेस संगठन को इन विधानसभा चुनावों में भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि यदि विधायक किन्नौर जगत सिंह नेगी का टिकट कांग्रेस हाई कमान काटती है तो विधायक जगत सिंह नेगी को उनके समर्थक स्वतंत्र चुनाव लड़ाने के लिए तैयार है और उनकी जीत दर्ज करवाने के लिए मैदान मे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि जिस विधायक ने विपक्ष में कांग्रेस की जड़ को हिमाचल मे मजबूत रखा और केंद्र व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर विरोध कर कांग्रेस संगठन को प्रदेश में मजबूत किया उनका टिकट काटने की गलती कांग्रेस संगठन करती है तो इसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ सकता है।
