संजीव महाजन, नूरपुर: प्रदेश में बीती रात से लगातार हो रही भारी बारिश के चलते नदियों नालों का जलस्तर बढ़ गया है। नदियों नालों में जलस्तर बढ़ने से पानी का बहाव तेज हो गया है बावजूद इसके भी लोग अपनी जान जोख़िम में डाल कर खड्डों में रेत बजरी लाने के लिए जा रहे है जिससे हादसों का डर बना हुआ है। ऐसा ही एक हादसा ज्वाली के मिनी हरिद्वार देहर खड्ड में होने से बच गया जब खड्ड के पानी के तेज बहाव में पांच ट्रैक्टर फंस गए।
यह पांच ट्रैक्टर खड्ड में खनन कर रहे थे कि अचानक से पानी का बहाव बढ़ गया ओर यह ट्रैक्टर पानी के बहाव के बीच फंस गए। चार ट्रैक्टर खड्ड के बीच बने एक टापू में फंस गए तो वहीं एक अन्य ट्रैक्टर खड्ड के बीचो बीच पानी के तेज बहाव में फंस गया। ट्रैक्टर चालक के बार बार कोशिश करने के बाद भी जब ट्रैक्टर पानी से बाहर नहीं निकला तो सूचना पुलिस को दी गयी। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से ट्रैक्टर को जेसीबी की मदद से पानी से बाहर निकाला गया।
ट्रैक्टर ओर ट्रैक्टर चालक को तो सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया गया लेकिन हद तो तब हो गयी जब खड्ड में पानी का बहाव कुछ कम होते ही ट्रैक्टर वापिस से रेत ओर बजरी भरने लग पड़े। बता दें कि इन दिनों प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। सभी नदी नाले उफ़ान पर है ऐसे में प्रशासन बार बार लोगों से
एतिहायत बरतने ओर नदी नालों के पास ना जाने की अपील कर रहा है। बावजूद इसके भी लोग अपनी जान जोख़िम में डाल कर रेत- बजरी खड्डों से भरने के लिए जा रहे है जिससे वह खुद ब खुद ही हादसों को न्यौता दे रहे हैं।
