अनिल नेगी,किन्नौर : जनजातीय जिला किन्नौर के तिब्बत सीमा क्षेत्र शलखर में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से काफ़ी नुकसान हुआ है। बाढ़ आने से जहां वाहन क्षतिग्रस्त हुए है तो वहीं नेशनल हाइवे भी बंद हो गया है। जानकारी के अनुसार इस शीत मरु भूमि में कल रात से रुक रुक कर बारिश का क्रम जारी है,भारी बारिश के चलते शलखर गांव के खोतंग नामक स्थान पर रात को बाढ़ आई,जिससे यह नुकसान हुआ है।
बाढ़ के साथ अधिक मलबा आने से कुछ वाहनों को नुकसान हुआ है। राष्ट्रीय उच्च मार्ग 5 भी मलबा आने की वजह से अवरुद्ध हो गया है,हालांकि भारी बारिश से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए राजस्व विभाग के कर्मचारी मौके के लिए रवाना हो गए है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से यात्रा ना करें।
