मंजूर पठान, चंबा: पूरे देश में आज आजादी की 75 वीं वर्षगांठ बड़ी धूमधाम से मनाई जा रही है। चंबा जिला में भी जिला स्तरीय स्वंत्रता दिवस की धूम बनीखेत के पधर मैदान में देखने को मिली। इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के वन युवा एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने पधर मैदान में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। भारी बारिश की वजह से सिर्फ परेड में पुलिस और होमगार्ड की 4 टुकड़ियों ने ही भाग लिया। इससे पहले बनीखेत बाजार में तिरंगा मार्च भी निकाला गया । भारी बारिश होने के बावजूद भी बच्चों में इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह दिखा। परेड की सलामी देने के बाद डीएवी कॉलेज के सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जहां पर डलहौजी स्कूल के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर वहां मौजूद लोगों की खूब तालियां बटोरी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यअतिथि ने अपने भाषण में सबसे पहले चंबा जिला के लोगों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शुभकामनाएं दी साथ ही उन्होंने कहा कि चंबा एक स्पेशल जिला होने के बावजूद भी काफी तरक्की कर रहा है। वहीं दूसरी और वन एव खेल मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि प्रदेश में उज्ज्वला योजना के तहत करीब साढे चार लाख गृहिणीयों को गैस चूल्हे वितरित किए गए और देश में हिमाचल प्रदेश धुआं रहित पहले नंबर का राज्य बना है। उन्होंने कहा कि चंबा जिला में जहां चलो चंबा अभियान के तहत इसे पूरे विश्व के मानचित्र पर अंकित किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश के मुख्यमंत्री ने मिंजर मेले को अंतरराष्ट्रीय मेले का दर्जा देकर भी चंबा को बहुत सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि जब से खेलों इंडिया अभियान देश में चलाया गया तब से देश में मैडल की संख्या भी बढ़ी है और जो खिलाड़ी मैडल लेकर आएंगे उन्हें नई खेल पॉलिसी के तहत पचास लाख से लेकर एक करोड़ तक की राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा की इन 75 सालों में देश ने कई आयाम स्थापित किए है।
