विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में सर्दियों के दिनों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही हैं। भारी ठंड के बीच भी श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई हैं। यही वजह है कि रविवार को भी भारी संख्या में श्रद्धालु मां चिंतपूर्णी के दर्शनों के लिए माता रानी के दरबार पहुंचे। रविवार को मंदिर के कपाट सुबह 4 बजे ही श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए खोल दिए गए थे। इसके बाद भी दिन आगे बढ़ने के साथ-साथ दोपहर 2:30 बजे तक मां के दरबार में श्रद्धालुओं की डबल लाइन पुराना बस स्टैंड क्रॉस कर गई। इस दौरान कुछ श्रद्धालु दंडवत और नंगे पैर भी मां के दरबार में पहुंचे।
मंदिर न्यास चिंतपूर्णी से मिली जानकारी के अनुसार दोपहर 2:30 तक 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में दर्शन करने के लिए दर्शन पर्ची ली। मंदिर न्यास चिंतपूर्णी के कर्मचारी मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह की अगुवाई में व्यवस्था बनाते हुए देखे गए। श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण चिंतपूर्णी के दुकानदारों का भी उत्साह देखते ही बनता था क्योंकि पिछले रविवार को श्रद्धालुओं की तादाद में कमी दर्ज की गई थी। इस रविवार को पिछले रविवार के मुकाबले श्रद्धालुओं की तादाद में वृद्धि दर्ज की गई।
पीसी इंचार्ज पूर्ण सिंह ने बताया कि होमगार्ड के जवान पूरे चिंतपूर्णी बाजार में लाइन व्यवस्था को बनाने में जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं को लाइनों में ज्यादा देर खड़ा ना होना पड़े इसके लिए भी भीड़ को कंट्रोल किया जा रहा हैं।
