संजु चौधरी: नए साल का जश्न मनाने के लिए बाहरी राज्यों से पर्यटक हिमाचल के पर्यटन स्थलों का रुख कर रहे हैं। शिमला सहित मनाली, डलहौजी,धर्मशाला के साथ ही अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ चुकी हैं। सभी होटल भी फुल चल रहे हैं। कुछ एक होटलों में 31 दिसंबर को लेकर पर्यटकों ने पहले से ही एडवांस बुकिंग कर रखी हैं। वहीं पर्यटकों को प्रदेश में आने पर किसी तरह की परेशानी ना हो इसके लिए सरकार भी हरसंभव प्रयास कर रही हैं ।
पर्यटन सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर 24 घंटे रेस्टोरेंट खाने-पीने के ढ़ाबे खोलने की अनुमति दे दी हैं। प्रदेश में 2 जनवरी तक 24 घंटे ढ़ाबे और रेस्टोरेंट खुले रखने की छूट रहेगी। यही नहीं मुख्यमंत्री ने सभी जिला प्रशासन को पर्यटकों को तंग न करने और कानून व्यवस्था बनाए रखने को भी कहा हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नए साल का जश्न मनाने के लिए बाहरी राज्यों से काफी तादाद में पर्यटक हिमाचल आते हैं। ऐसे में पर्यटकों को तंग ना करें और कानून व्यवस्था बनाए रखें। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को खाने-पीने के लिए भटकना न पड़े इसके लिए सभी रेस्टोरेंट और खाने-पीने के ढाबों को 24 घंटे खुला रखने की अनुमति दी हैं। इसके अलावा कोविड-19 मामलों को देखते हुए कोविड नियमों का पालन करने को भी कहा गया हैं।
