कुल्लू:आजादी के अमृत महोत्सव को मनाने की श्रृंखला में आगामी 13 से 15 अगस्त तक हर घर में तिरंगा फहराया जाएगा। प्रत्येक घर को झंडा उपलब्ध करवाने के लिए उपायुक्त कुल्लू ने खंड व पंचायत स्तर पर समितियों का गठन कर दिया है। उपायुक्त आशुतोष गर्ग ने जिला के समस्त एसडीएम,
विकास अधिकारियों व अन्य अधिकारियों के साथ वीडियो कान्फ्रेसिंग के माध्यम से झंडा वितरण को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा करके आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए है।
तिरंगा प्राप्त करने व आबंटन के लिए खंड विकास अधिकारियों को बतौर नोडल अधिकारी अपने दायित्व का निर्वहन करना होगा। तिरंगा विकास खंड की समस्त ग्राम पंचायतों में परिवार रजिस्टर के मुताबिक भेजना सुनिश्चित करना होगा। समितियों में महिला व युवक मंडलों, स्वयं सहायता समूहों, आशा व आगंगनवाडी कार्यकर्ताओं ओर स्कूलों को भी सम्मिलित किया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि पंचायत स्तर पर तिरंगा आबंटन के लि एक समिति का गठन किया गया है और यह समिति पंचायत में सभी घरों व परिवारों को तिरंगे का आबंटन सुनिश्चित करेगी। इस कार्य से संबंधित लेखा-जोखा तथ अन्य अभिलेख को पंचायत सचिव संधारित करेगा। ग्राम पंचायत प्रधान की अध्यक्षता में गठित समिति में पंचायत सचिव सदस्य सचिव के कार्य का निर्वहन करेगा जबकि समस्त पंचायत सदस्य, प्रधान महिला मंडल, प्रधान युवक मंडल, स्वयं सहायता समूह, आशा वर्कर, आंगनवाडी कार्यकर्ता व नजदीकी पाठशालाओं के प्रभारी समिति के सदस्य होंगे।
नगर परिषद व नगर पंचायत क्षेत्रों में इनके अध्यक्ष की अध्यक्षता में समितियों का गठन किया गया है। कार्यकारी अधिकारी समिति के सदस्य सचिव होंगे जो झंडा वितरण का लेखा-जोखा रखेंगे। अध्यक्ष व्यापार मंडल, समस्त पार्षद, प्रधान महिला मंडल व युवक मंडल, स्वयं सहायता समूह, आशा वर्कर, आंगनवाडी कार्यकता व नजदीकी पाठशालाओं के प्रभारी समिति के सदस्य होंगे।
आशुतोष गर्ग ने कहा कि प्रत्येक घर में तिरंगा आगामी 13 अगस्त से 15 अगस्त तक फहराया जाएगा। इसलिये समितियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि तिरंगा सभी घरों में 13 अगस्त से पहले उपलब्ध हो जाना चाहिए। जिला स्तर पर माप के हिसाब से तिरंगा उपलब्ध करवाया जाएगा। 20 गुणा 30 इंच के झण्डे की मांग 25 प्रतिशत, 16 गुणा 24 ईंच की मांग 50 प्रतिशत तथा 6 गुणा 9 इंच झंडे की मांग 25 प्रतिशत निश्चित की गई है। इनकी कीमत क्रमशः 25 रुपये, 18 रुपये व 9 रुपये रहेगी। सभी खंड विकास अधिकारियों को परिवार रजिस्टर के अनुसार तिरंगे की मांग अविलंब जिला ग्रामीण विकास अभिकरण कुल्लू को भेजने को कहा गया है।
समस्त खंड विकास अधिकरी ओर पंचायत स्तर पर गठित कमेटी यह सुनिश्चित करेगी कि तिरंगे झंडे को नियमों के अनुसार घरों व अन्य स्थानों पर लगाया जाए ओर किसी भी प्रकार से तिरंगे का अपमान न हो। घरों के अलावा तिरंगा समस्त सरकारी व निजी संस्थानों, कार्यालयों व प्रतिष्ठानों ओर सार्वजनिक भवनों में भी लहराया जाएगा।
आशुतोष गर्ग ने आजादी का अमृत महोत्सव समारोहपूर्वक मनाने के लिए ओर हर घर तिरंगा फहराने को लेकर व्यापक स्तर पर जन जागरूकता फैलाने के समस्त समितियों, अधिकारियों, पंचायती राज संस्थानों के चुने हुए प्रतिनिधियों से अपील की है। उन्होंने कहा कि लोगों को झंडा खरीदने ओर इसे अपने मकानों पर लगाने के लिये प्रेरित किया जाएगा। इसके लिये प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक व सोशल मीडिया का सहयोग भी अपेक्षित रहेगा।
