विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में मंगलवार सुबह 10:00 बजे के करीब पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधायक सुखबीर सिंह रंधावा ने धर्मपत्नी सहित मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी भरी। इस मौके पर चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारी अंकुर कालिया ने विधिवत रूप से वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर पूजा-अर्चना करवाई और मां के दरबार में हाजिरी लगवाई।
पूजा अर्चना करने के बाद उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित पावन वटवृक्ष को मोली का धागा बांधा और सुख समृद्धि की कामना की। वहीं मंदिर न्यास चिंतपूर्णी की ओर से एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने पूर्व डिप्टी सीएम का स्वागत किया और माता की फोटो स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट की। बता दें कि सुखजिंदर सिंह रंधावा पंजाब विधानसभा चुनावों के नतीजे निकलने के बाद पहली बार मां चिंतपूर्णी के दरबार में हाजिरी भरने पहुंचे हैं हालांकि विधानसभा चुनावों से पहले वह मां के दरबार में शीश नवाने पहुंचे थे और अपनी जीत की मनोकामना की थी।
डेरा बाबा नानक विधानसभा सीट से 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी और राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कांटे की टक्कर में 466 वोटों से जीत गए थे। उन्हें 52,555 वोट मिले जबकि शिरोमणि अकाली दल के कैंडिडेट रविकरन सिंह कहलों को 52,089 वोट मिले थे। गुरदासपुर जिले में आने वाली डेरा बाबा नानक विधानसभा सीट भारत-पाकिस्तान की सीमा से लगी है, इस कारण इस इलाके को बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण माना जाता हैं।
