विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला में स्थित विश्व विख्यात शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी के दरबार में पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह की पत्नी गीता बसरा ने शनिवार मां को हाजिरी भरी। इस मौके पर चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारियों ने विधिवत रूप से वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर पूजा-अर्चना करवाई और मां के दरबार में उनकी हाजिरी लगवाई। वहीं बॉलीवुड एक्ट्रेस गीता बसरा को देखकर प्रशंसकों में काफी उत्साह देखा गया। प्रशंसकों ने गीता बसरा के साथ सेल्फी ली और फोटो खिंचावाई।
बता दें कि गीता बसरा एक बॉलीवुड एक्ट्रेस रही हैं। साल 2006 में बॉलीवुड डेब्यू करने के बाद गीता बसरा ने ‘द ट्रेन’, ‘जिला गाजियाबाद’, ‘मिस्टर जो भी करवालो’, ‘सेकेंड हैंड हस्बेंड’ और ‘लॉक’ जैसी फिल्मों में काम किया। गीता बसरा ने 2015 में हरभजन सिंह से शादी की थी। शादी के एक साल बाद उन्होंने बेटी हिनाया को जन्म दिया और फिल्मों से ब्रेक ले लिया।
