Shimla, 13 May(TSN)-युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व एचआरटीसी निदेशक मनमोहन कटोच ने इंदौरा विधानसभा क्षेत्र (कंदरोड़ी-मलोट) में स्थापित पेप्सी उद्योग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को पत्र लिखकर उद्योग में हो रही अनियमितताओं और स्थानीय युवाओं के साथ हो रहे कथित अन्याय के बारे में अवगत करवाया।
कटोच का आरोप है कि पेप्सी उद्योग ने जल अधिनियम 2005 की अवहेलना करते हुए कई बोरवेल अवैध रूप से स्थापित किए हैं, जिससे क्षेत्र में भूजल स्तर गिरने का खतरा उत्पन्न हो गया है।उन्होंने कहा कि यह इलाका सब्जी और बागवानी उत्पादन के लिए जाना जाता है, और सिंचाई के लिए किसान पारंपरिक कुहलों पर निर्भर हैं।उद्योग के कारण सिंचाई संकट गहराने की आशंका है।रोजगार के मामले में कटोच ने कहा कि उद्योग ने पहले इंदौरा और हिमाचल के युवाओं को बड़े स्तर पर नौकरी देने का वादा किया था, लेकिन वास्तविकता में बाहरी मजदूरों को ठेकेदारों के जरिए अल्प वेतन पर काम पर रखा गया है।पढ़े-लिखे स्थानीय युवाओं को उच्च पदों पर अवसर नहीं दिया जा रहा, जिससे उनकी योग्यता पर सवाल खड़े होते हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन और सरकार ने इस विषय पर शीघ्र संज्ञान नहीं लिया, तो वे एसडीएम कार्यालय के बाहर धरने पर बैठने को मजबूर होंगे। मंगलवार को वे एसडीएम से इस विषय में मुलाकात करेंगे।
