Shimla, Sanju ( TSN)-भारत-पाकिस्तान के बीच सीजफायर के बाद देश में माहौल सामान्य होता दिख रहा है, लेकिन राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। कांग्रेस ने संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग को तेज कर दिया है। हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भी इस मांग का समर्थन किया है। इसके साथ ही उन्होंने तुर्कीये से सेब के आयात पर प्रतिबंध लगाने की मांग भी उठाई है।
सेब आयात और विशेष सत्र पर जताई चिंता
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने जिस तरह से पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की, उसका पूरे देश ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीतिक दलों में मतभेद नहीं हैं और सभी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़े हैं। हालांकि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान और प्रधानमंत्री के संबोधन में सीजफायर पर स्पष्टता की कमी को लेकर चिंता जताई और कहा कि इसे लेकर संसद में बहस होनी चाहिए।
तुर्कीये और चीन ने पाकिस्तान का किया समर्थन
तुर्कीये से सेब के आयात पर प्रतिक्रिया देते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि जब देश युद्ध जैसे हालातों से जूझ रहा था, तब तुर्कीये और चीन ने पाकिस्तान का समर्थन किया। ऐसे में तुर्कीये से आने वाले सेबों पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए, जिससे हिमाचल के बागवानों को हो रहे नुकसान से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस मुद्दे को केंद्र के समक्ष मजबूती से उठाएगी।उन्होंने एक बार फिर लोकसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग को दोहराया, ताकि राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हो सके।
