मंडी :धर्मवीर -पिछले 2 दिनों से लगातार हो रही बारिश ने कई सालों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। जिला में आफत की तरह बरसे इस बारिश से जहां करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है, वहीं दो लोग मौ+त का ग्रास बन गए हैं।
बारिश के बाद रौद्र रूप में आई ब्यास नदी और सुकेती खड्ड के तेज बहाव में चंद सेंकेड में ही चार पुल बह गए। वहीं, औट पुलिस थाना परिसर में जब्त कर रखे गए करीब 21 वाहन ब्यास नदी में देखते ही देखते बह गई। हालात यह रहे कि ब्यास के आसपास जाने से भी लोग कतराते हुए नजर आए। मंडी-कुल्लू एनएच जगह-जगह बाधित होने के कारण नागचला डडौर फोरलेन में ही पर्यटक वाहन रोक दिए गए। हालांकि दवाडा में कुछ पर्यटक व अन्य लोग फंसे रहे। दवाडा में एनएच पर ब्यास का पानी पहुंचा।
ऐतिहासिक 100 साल पुराना लाल पुल भी बाढ़ की भेंट चढ़ा
ब्यास नदी का जलस्तर सुबह से बढ़ना शुरू हुआ और दोपहर को जल स्तर ने औट पुराने पुल को अपनी चपेट में ले लिया। चंद सेकड में ही पुल नदी में समा गया। एक दो सेकेंड तक पुल दिखा, इसके बाद नदी के पानी में पूरी तरह ही समा गया। इसी तरह दवाडा में फुट ब्रिज भी ब्यास की चपेट में आकर बह गया। पंडोह-शिवाबदार पुल भी रविवार शाम को ब्यास नदी की चपेट में आ गया। कुछ समय तो पुल ने पानी के तेज बहाव को सहन किया, लेकिन बाद में करीब 100 साल पुराने पुल भी तेज पानी के आगे नहीं टिक पाया और बह गया। इसके अलावा मंडी जबकि औट थाना परिसर से नौ ट्रक, 10 एलएमवी वाहन, दो बाइक चंद मिनटों में ही बह गए। चंद मिनट में इनका नामोनिशान तक नहीं रहा। ब्यास के रौद्र रूप के चलते दिनभर जिले में तबाही मचती रही। ब्यास किनारे रह रहे लोग दहशत में रहे। कई लाेगों ने खुद ही रात को यहां ठहरना सुरक्षित नहीं समझा और रिश्तेदारों के पास चले गए।
दवाडा में फोरलेन पर पहुंचा ब्यास का पानीः
मंडी-कुल्लू एनएच पर दवाडा में फोरलेन में ब्यास का पानी पहुंच गया। इस कारण भी यातायात प्रभावित रहा। इसी तरह नगवाईं में भी फोरलेन में ब्यास का पानी पहुंचा। फोरलेन में पहुंचे पानी को देखते हुए भी लोगों ने सफर न करना ही बेहतर समझा। एडीएम मंडी अश्वनी कुमार ने बताया कि प्रारंभिक रिपोर्ट में 24 घंटे में 15 करोड़ रुपये का नुकसान रिपोर्ट हुआ है। जबकि बिजली बोर्ड नुकसान का आकलन कर रहा है। प्रशासन सभी तरह की स्थिति पर नजर रखे हुए है। वहीं, एएसपी मंडी सागर चंद्र ने बताया कि औट पुलिस थाना परिसर से ब्यास नदी के तेज बहाव में 21 वाहन बहे हैं।
