ऊना (राकेश)। एसआईआर के माध्यम से वोट काटने के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने ऊना में अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखौटे पहनकर प्रदर्शन किया। दोनों के मुखौटे पहने कार्यकर्ताओं को जंजीरों से बांधकर रोष मार्च निकाला गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काली पट्टियां बांधकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन में हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सह प्रभारी चेतन चौहान, चिंतपूर्णी विधायक सुदर्शन बबलू, गगरेट विधायक राकेश कालिया, कुटलैहड़ विधायक विवेक शर्मा, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा और जिला कांग्रेस अध्यक्ष देसराज गौतम समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। रजनी पाटिल के ऊना पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत किया।
इसके बाद रजनी पाटिल ने पार्टी नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह में बैठक की। बैठक में पार्टी से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा और मंथन किया गया। इसके बाद विश्रामगृह से ऊना पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक रोष मार्च निकाला गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “एक चाय दो समोसा, ज्ञानेश तेरा क्या भरोसा” और “वोट चोर कहां मिलेगा, बीजेपी के दफ्तर में” जैसे नारे लगाए।
रजनी पाटिल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग के माध्यम से एसआईआर के जरिए लाखों मतदाताओं के नाम हटाकर चुनावों को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने प्रदर्शन को काला दिवस बताते हुए कहा कि मोदी सरकार अप्रत्यक्ष रूप से संविधान को कमजोर करने का काम कर रही है। उन्होंने केंद्र सरकार पर देश में अव्यवस्था पैदा करने का भी आरोप लगाया।
कांग्रेस प्रभारी ने राहुल गांधी को लेकर कहा कि भाजपा ने हजारों करोड़ रुपये खर्च कर उनकी छवि खराब करने और उन्हें “पप्पू” साबित करने की कोशिश की, लेकिन राहुल गांधी के नेतृत्व और जज्बे ने इस रणनीति को विफल कर दिया। उनके अनुसार राहुल गांधी आज नायक के तौर पर उभरकर सामने आए हैं।
प्रदर्शन के बाद रजनी पाटिल के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की गई। प्रदर्शन में जिले के सभी पांच ब्लॉक अध्यक्षों समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

