Shimla, Sanju (TSN)-हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज कुमार के नेतृत्व में गद्दी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने गद्दी समुदाय से प्रतिनिधित्व करने वाले व्यक्ति को इस महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
CM सुक्खू ने दी ऊन पालकों को राहत की उम्मीद
मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार गद्दी समुदाय की चुनौतियों को भली-भांति समझती है और उनके समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भेड़-बकरी पालकों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने के लिए सरकार ऊन के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में वृद्धि करने पर गंभीरता से विचार कर रही है। इस संबंध में सभी हितधारकों से सलाह लेने के बाद निर्णय लिया जाएगा।
आपदा राहत में भी सरकार संवेदनशील
मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2023 की मानसून आपदा के दौरान सरकार ने सहानुभूतिपूर्ण रुख अपनाते हुए मुआवजा राशि में कई गुना बढ़ोतरी की है। विशेष रूप से भेड़, बकरी और सूअर की मृत्यु पर अब ₹6000 की वित्तीय सहायता दी जा रही है, जो पहले ₹4000 थी। उन्होंने कहा कि पशुपालकों की सहायता के लिए यह राशि और बढ़ाई जा सकती है।
गद्दी समाज के लिए सम्मान की बात: मनोज कुमार
हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज कुमार ने अपनी नियुक्ति पर मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह पूरे गद्दी समुदाय के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे पूरी निष्ठा से कार्य करते हुए मुख्यमंत्री की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे।
