सोलन/योगेश शर्मा- अंबुजा सीमेंट प्लांट बंद विवाद को लेकर बुधवार को एक बार फिर डीसी सोलन कृतिका कुलहरी की अध्यक्षता में ट्रक ऑपरेटर्स और प्लांट के अधिकारियों के बीच बैठक शुरू हो चुकी है। ट्रक ऑपरेटर अभी भी अपनी मांग को लेकर यह बात कह रहे हैं कि यदि कम्पनी के पास ₹10.58 के फार्मूले से आगे कोई और फार्मूला है तो आकर इस पर बात करें।
प्लांट बन्द को लेकर ट्रक ऑपरेटर्स पर फोड़ा जा रहा ठीकरा
दी बाघल लैंड लूजर सहकारी सभा के पूर्व प्रधान रामकृष्ण शर्मा ने बताया कि अंबुजा सीमेंट प्लांट बंद विवाद को लेकर आज बैठक के लिए उन्हें भी बुलाया गया है। जिस पर भी बैठक में शामिल होने के लिए आए हैं। रामकृष्ण शर्मा ने कहा कि कंपनी क्या फार्मूला लेकर आज इस बैठक में आई है, यह देखने लायक होगा। क्योंकि प्रशासन द्वारा ट्रक ऑपरेटर्स से भी अपनी बात रखने के लिए कहा गया था वह भी अपने फार्मूले लेकर आए हैं। रामकृष्ण शर्मा ने गौतम अदानी के द्वारा दिए गए बयान पर अपना जवाब देते हुए कहा कि गौतम अदानी को यह मालूम नहीं है कि हिमाचल में किस तरह से परिवहन व्यवस्था सुचारू रूप से चलती है।
रामकृष्ण शर्मा ने कहा कि जहां दाड़लाघाट में सीमेंट बन रहा है, वहां सीमेंट महंगा है । जबकि ट्रांसपोर्ट का खर्चा प्लांट से लेकर डीलर तक ले जाने का ₹2000 का है । ऐसे में कालका परवाणु पंजाब हरियाणा में जब सीमेंट यहां से जाता है तो वह सस्ते दामों पर बिकता है। ऐसे में कंपनी जो इस बात को कह रही है कि ट्रक ऑपरेटर के अड़ियल रवैए की वजह से सीमेंट महंगा है तो यह सिर्फ ठीकरा फोड़ने वाली बात है।
उन्होंने कहा कि ₹10.58 पैसे के आगे भी अभी कंपनी अगर कोई फार्मूला लेकर आई है तो ट्रक ऑपरेटर बात करने के लिए तैयार है ,लेकिन अगर कंपनी अभी भी उस फॉर्मूले पर बात नहीं करती है तो बैठक बेनतीजा रहने वाली है।
