संजु चौधरी, शिमला: क्रिसमस और न्यू ईयर पर बर्फबारी खरीदारी करने की उम्मीद में सैलानी शिमला सहित हिमाचल के अन्य पर्यटन स्थलों का रुख करते हैं। इस बार मौसम को देखते हुए व्हाइट क्रिसमस और न्यू ईयर पर बर्फबारी की उम्मीद पर पानी फिरता नजर आ रहा था,त लेकिन अब 25 दिसंबर से प्रदेश में मौसम करवट लेने वाला है और ऐसे में क्रिसमस पर बर्फबारी होने की संभावना भी मौसम विभाग की ओर से जताई गई हैं। ऐसे में अब पर्यटकों की व्हाइट क्रिसमस मनाने की ख्वाहिश पूरी हो सकती हैं।
हिमाचल प्रदेश में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ 25 दिसंबर से 27 दिसंबर तक जबकि दूसरा पश्चिमी विक्षोभ 28 से 31 दिसंबर तक सक्रिय होगा। ऐसे में मौसम विभाग ने 25 दिसंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश बर्फबारी की संभावना जताई हैं। इस दौरान किन्नौर, लाहौल स्पीति, चंबा, कुल्लू के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है, हालांकि यह पश्चिमी विक्षोभ उतना ज्यादा प्रभावी नहीं होगा, लेकिन 28 दिसंबर से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ काफी प्रभावशाली रहेगा। इस दौरान शिमला, मंडी, कुल्लू ओर चंबा के अधिकतर हिस्सों में बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं आज राजधानी शिमला में आसमान में सुबह से ही बादल उमड़े हुए हैं जिससे ठंड में भी इजाफा हुआ हैं।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि प्रदेश में 25 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इस दौरान ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होगी जबकि निचले क्षेत्रों में मौसम पूरी तरह से साफ रहेगा। दिसंबर माह के आखिरी दिनों में कई हिस्सों में बर्फबारी की संभावना जताई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 4 दिन तक मौसम बिल्कुल साफ रहेगा। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे लेकिन बारिश या बर्फबारी की संभावना काफी कम हैं, हालांकि तापमान में कमी आ सकती है। नए साल पर प्रदेश में बर्फबारी की संभावना हैं। प्रदेश में तापमान सामान्य से कम चल रहे हैं जिससे ठंड काफ़ी बढ़ गई हैं।
