बिलासपुर : सुभाष ठाकुर (TSN)-आगामी लोकसभा चुनावों के लिए घुमारवीं भाजपा मंडल ने कमर कस ली। घुमारवीं भाजपा मंडल ने बुधवार को बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत मिलन पैलेस में बैठक का आयोजन किया। बैठक में पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे ।
बैठक में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि आने वाले समय में भाजपा बड़ी छलांग लगाकर लोकसभा चुनावों में 400 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करेगी। हमीरपुर लोकसभा संसदीय क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरने वाले पार्टी के प्रत्याशी को घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र से 20 हज़ार से अधिक मतों से लीड दिलाई जाएगी। इसी संकल्प के साथ पार्टी के कार्यकर्ता फील्ड में जुट गये हैं। गर्ग ने कहा कि भाजपा 2024 के लोकसभा चुनावों की तैयारी में जुट गई है और इसी के अंतर्गत बूथ सशक्तिकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत बूथ को सशक्त बनाने के लिए पूर्ण रणनीति तैयार कर ली गई है। घुमारवीं से भाजपा प्रत्याशी को अधिक से अधिक लीड दिलाने के लिए कार्यकर्ताओं ने कमर कस ली है। कार्यकर्ता घर घर जाकर जहां प्रदेश की जनविरोधी कांग्रेस सरकार के फैसलों को लोगों तक पहुँचाएंगे,वहीं केंद्र सरकार की जनकल्याण कारी नीतियों से भी अवगत करवाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा चुनावों में भी घुमारवीं से भाजपा प्रत्याशी को 20 हज़ार से अधिक मतों से लीड मिली थी। लेकिन अब 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशी को इससे भी अधिक मतों की बढ़त दिलाई जाएगी।
