नाहन/देवेन्द्र कुमार: सीपीआईएम ने सिरमौर जिला में लंपी वायरस के बढ़ते संक्रमण पर चिंता जताते हुए सरकार से आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। जिला मुख्यालय नाहन में विभिन्न मांगों को लेकर सिरमौर जिला सीपीआईएम ने डीसी सिरमौर के जरिए जयराम सरकार को छह सूत्रीय मांग पत्र भेजा है। सीपीआईएम के जिला सचिव राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि पशुओं में फैलते लंपी संक्रमण को लेकर सरकार गंभीर नहीं है और आए दिन पशु इस संक्रमण की चपेट में आ रहे है।
उन्होंने कहा कि पशुपालन महकमे में स्टाफ की कमी को देखते हुए और विभागों की मदद ली जानी चाहिए। खाद्य वस्तुओं की बढ़ती किमतों पर चिंता जताते हुए सीपीआईएम नेताओं ने कहा कि आज आम आदमी का जीना महंगाई के चलते मुश्किल हो गया है। ऐसे में सरकार को इस विषय पर चिंतन करना चाहिए। उन्होंने बढ़ती बेरोजगारी को देखते हुए सरकार से विभिन्न विभागों में नियमित तौर पर भर्तियां करने की भी मांग की।
सीपीआईएम का यह भी कहना है कि सिरमौर जिला में धान की 50 फीसदी फसल तबाह हो चुकी है। ऐसे में सीपीआईएम द्वारा सरकार से किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की जा रही है। पार्टी नेताओं का यह भी कहना है कि सिरमौर जिला में मनरेगा कामगारों को पिछले लंबे समय से दिहाड़ी नहीं मिल पा रही है। ऐसे में सरकार से मजदूरों को जल्द उनका पैसा मिले यह मांग भी सरकार के सामने उठाई जा रही है।
