शिमला,27 फरवरी(TSN)-नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश में बढ़ते नशे कारोबार पर कड़े कदम उठाने की मांग की है.नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सरकार नशे के कारोबार पर कड़ा प्रहार करे।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नशे के खिलाफ लड़ाई लड़ने और सरकार का साथ पूरा साथ देने के लिए प्रतिबद्ध है।प्रदेश से नशे की विदाई होनी चाहिए और नशा माफिया का साम्राज्य नष्ट होना चाहिए।इसके लिए विपक्ष सरकार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। हम अपने प्रदेश के युवाओं को नशे के मकड़जाल में नहीं फंसने दे सकते हैं। भाजपा नशे के उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है।19 जुलाई 2024 को ऊना में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्य समिति में नशे के खिलाफ प्रभावी लड़ाई का प्रस्ताव भी पास किया है।
फेमस होने के लिए कांग्रेसी नेता प्रधानमंत्री के ख़िलाफ़ बोलते हैं
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं में अब ख़ुद को दिखाने की एक होड़ मची है,इसलिए वह ऐसा बयान देते हैं, जिससे वे कांग्रेस आलाकमान की नज़र और चर्चा में आ जाए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनके सेवाकाल में भारत का कद दुनिया में बहुत ऊंचा हुआ। उनके नेतृत्व में देश ने ऐतिहासिक तरक्की की है।दुनिया भर में उन्हें जो मान-सम्मान मिला है,वही उनके कद को बताने के लिए पर्याप्त है।इसलिए मशहूर होने के लिए कांग्रेस के नेताओं को उल्टी सीधी बातें बंद करनी चाहिए।
