संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश में नए राज्यपाल की नियुक्ति कर दी गई हैं। प्रदेश के राज्यपाल के रूप में शिव प्रसाद शुक्ला को नियुक्ति दी गई हैं। वहीं प्रदेश में पूर्व राज्यपाल रहे राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को अब बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया हैं। गुरुवार को राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर हिमाचल राजभवन से विदा लेकर पटना के लिए रवाना हो गए। उनके विदाई समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू , उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर सहित कई नेता मौजूद रहे।
विदाई समारोह के समय राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर भावुक दिखाई दिए। नम आंखों से उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवभूमि तो है ही साथ ही प्रेम भूमि भी हैं। प्रदेशवासियों की ओर से उन्हें अपार स्नेह मिला हैं। हिमाचल देवभूमि व वीर भूमि ही नहीं बल्कि प्रेम भूमि भी हैं।
उन्होंने कहा कि वे हिमाचल की मधुर स्मृतियां अपने साथ लेकर जा रहे हैं। यहां रहकर उन्होंने बहुत कुछ सीखा हैं। प्रदेशवासियों में अपनापन हैं और वे प्रेम बांटने पर विश्वास करते हैं। यहां के आतिथ्य को वह कभी भूल नहीं सकते।
