कुल्लू/मनमिन्दर अरोड़ा: बंजार और आनी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के लिए सामान्य प्रेक्षक के रूप में तैनात राजीव रतन ने जिला निर्वाचन अधिकारी कुल्लू सहित बंजार व आनी के रिटर्निंग अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर ऑफिसरों तथा जिला नोडल अधिकारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदान केंद्र पर रैंप व अन्य कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है तो इसे भी सुनिश्चित बनाएं ताकि दिव्यांगजनों व वरिष्ठ मतदाताओं को मतदान के दिन किसी भी कठिनाई का सामना न करना पड़े। उन्होंने सेक्टर अधिकारियों को मतदान वाले दिन मतदान आरम्भ करने से पूर्व मोकपोल करके उसके बाद कि सभी औपचारिकताएं पूरी करके मतदान आरम्भ करवाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मतदान समाप्ति के बाद ईवीएम व विविपेट को बन्द करके उनकी बैटरी ऑफ करना सुनिश्चित करें। उन्होंने सिंगल विंडो प्रणाली अपनाने पर भी बल दिया। उन्होंने आनी तथा बंजार के रिटर्निंग अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को सही प्रकार से प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए।
चुनाव सम्बन्धी सभी तैयारियां पूर्ण
जिला निर्वाचन अधिकारी एव उपायुक्त अशुतोष गर्ग ने बताया कि चुनाव सम्बन्धी सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं, पहला रेन्डमाइजेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है व ईवीएम भी बंजार व आनी को भेज दी गई हैं जहां उन्हें कड़ी सुरक्षा में स्ट्रांग रूम में रखा गया है। उन्होंने बताया कि चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों का प्रथम पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि 4 नवम्बर को द्वीतीय पूर्वाभ्यास करवाया जाएगा। वीडिओ कॉन्फ्रेंसिंग में रिटर्निंग अधिकारी आनी व बंजार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
