अरविंदर सिंह,हमीरपुर: विधानसभा क्षेत्र सदर से विधायक आशीष शर्मा ने ग्राम पंचायत अमरोह में ‘आपका विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन पंचायत के प्रत्येक गांव में किया। इस दौरान पंचायत के तेरह गांवों में पहुंचकर विधायक आशीष शर्मा ने जनता से आशीर्वाद प्राप्त किया और उनकी समस्याएं सुनकर मौके पर ही समाधान किया। इस मौके पर पंचायत प्रधान स्नेह लता, पुरषोतम गुलेरिया, मधु, राजकुमार, सुरिंद्र डोगरा सहित अन्य मौजूद रहे।
विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि समर्पित भाव से वह जनता की सेवा में चले हैं। विधानसभा क्षेत्र की बीस के करीब पंचायतों में गांव- गांव लोगों के घरद्वार पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया है और समस्याओं का समाधान किया हैं। उन्होंने सभी ग्रामीणों का उन पर विश्वास जताने व विधानसभा भेजने के लिए आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि जनसेवा उनका एकमात्र ध्येय है और अपनी विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित किये जाएंगे।
इस दौरान उन्होंने पंचायत के गांव चुनहाल, सिहाल, खुआल, बनाल में महिला मंडल भवन बनाने के लिए विधायक निधि से पांच पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही छबोट घिर्था व बनाल में महिला मंडल की रिपेयर, आधा दर्जन स्ट्रीट लाइटें, चिगढ़ में संपर्क सड़क बनवाने, हैंडपंप में मोटर लगवाने की घोषणा के साथ साथ पंचायत में आने वाली बिजली, पानी व राजस्व संबंधी समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया।
