संजीव महाजन,नूरपुर: प्रदेश सरकार की लोगों की समस्याओं को उनके घर द्वार के नजदीक सुनने और उनका समाधान उपलब्ध करवाने के लिए प्रशासन ने जनता के द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत की हैं। इसी कार्यक्रम के तहत बुधवार को उपमंडल इंदौरा की बडूखर पंचायत स्थित कम्युनिटी हाल में “प्रशासन जनता के द्वार ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा क्षेत्र इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन की,जबकि सभी विभागीय अधिकारी इस मौके पर उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम के पहले चरण में विकास खंड की चार बडूखर,भोग्रवां,पलाखी ओर सुरड़वां पंचायतों के लगभग 141 लोगों की समस्याओं को सुना गया। कार्यक्रम में पात्र लोगों के सामाजिक सुरक्षा पेंशन के मामलों व इंतकाल के लंबित मामलों ओर जल शक्ति विभाग की ओर से पेयजल के नमूनों की जांच भी की गई।
इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने कहा इंदौरा- गंगथ विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में “प्रशासन जनता के दरबार” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा हमारी सरकार व्यवस्था परिवर्तन के लिए बनी है हम राजनीति में सत्ता सुख भोगने नहीं आए लोगों की सेवा करने के लिए आए हैं।
